बिना बिल सामान पर डेढ़ लाख जुर्माना

हमीरपुर। आबकारी एवं कराधान विभाग ने जिला तथा जिला के बाहर औचक निरीक्षण कर बिना बिल सामान पकड़कर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया है। सहायक आयुक्त के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान विभाग ने बीड़ियां, लकड़ी, प्लाई सहित बिना बिल का अन्य सामान पकड़ा है। इनका मूल्य निर्धारण कर विभाग ने संबंधित व्यापारियों से जुर्माना वसूल किया है।
एक सप्ताह की अवधि के दौरान विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान ट्रांसपोर्ट गाड़ियों से सारा सामान उतरवाकर बिलों की जांच की थी। इसी दौरान एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रक से बिना बिल के बीड़ियां पकड़ीं। चालक के पास सामान का बिल उपलब्ध नहीं था। विभाग की टीम ने मूल्यांकन कर टैक्स और जुर्माने सहित कुल 50 हजार रुपये की राशि संबंधित व्यापारी से वसूल की है। इसके अलावा अन्य गाड़ियों में निरीक्षण के दौरान लकड़ी, प्लाई, जूते सहित अन्य बिना बिल के लाया जा रहा सामान पकड़ा है। विभाग की मानें तो त्योहारी सीजन में निरीक्षण का क्रम तेज होगा। टीम में आबकारी एवं कराधान अधिकारी हरदेव देहल सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।
उधर, सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त रविंद्र कुमार ने कहा कि विभाग की ओर से औचक निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी। त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है, विभाग मुस्तैदी के साथ निगरानी कर रहा है। बिना टैक्स चुकाए सामान लाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने समस्त व्यापारियों से आग्रह किया कि सामान को टैक्स अदा कर लाएं।

Related posts