विधायक रामकुमार पर अदालत में आरोप तय

विधायक रामकुमार पर अदालत में आरोप तय
नालागढ़ (सोलन)। दून के विधायक एवं बहुचर्चित ज्योति हत्याकांड के मुख्य आरोपी रामकुमार चौधरी पर नालागढ़ की अदालत ने भी एक मामले में आरोप तय कर दिए हैं। विधायक चौधरी ने वर्ष 2010 में जनहित में आंदोलन करते हुए रास्ता रोका था और मामला नालागढ़ अदालत में विचाराधीन चल रहा है। शुक्रवार को रामकुमार चौधरी की नालागढ़ अदालत कोर्ट-2 में पेशी थी, जिसमें न्यायधीश कनिका चावला ने इस मामले में आरोप तय कर दिए हैं। मामले की पुष्टि सहायक न्यायवादी नालागढ़ संदीप शर्मा ने की।
जानकारी के मुताबिक दून के विधायक रामकुमार चौधरी की पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनहित में आंदोलन कर रास्ता रोकने का मामला बददी पुलिस थाने में दर्ज हुआ था। वर्ष 2010 का यह मुकदमा पुलिस की तफ्तीश के बाद कोर्ट में पहुंचा है।
पिछले माह भी रामकुमार चौधरी नालागढ़ अदालत में पहुंचे थे, लेकिन उस दौरान आगामी तारीख दे दी गई थी, जिस पर शुक्रवार को चौधरी रामकुमार दोबारा अदालत में पेश हुए। सहायक न्यायवादी नालागढ़ संदीप शर्मा ने कहा कि न्यायाधीश कनिका चावला की अदालत ने रामकुमार चौधरी पर आरोप तय कर दिए हैं और इस मामले में अब गवाहों के बयान कलमबंद किए जाएंगे। उधर, दून के विधायक रामकुमार चौधरी का कहना है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और जल्द ही वह दून की जनता के बीच में होंगे और जनता की सेवा करेंगे।

Related posts