
चंबा। शहर के चमेशनी मोहल्ला स्थित शिक्षा खंड हरदासपुरा के मैहला-दो बीपीईओ कार्यालय से चोर एक एलसीडी एक सीपीयू व एक माउस उड़ा ले गए। इस कंप्यूटर में शिक्षा विभाग का जरूरी डाटा फीड था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह साढ़े छह बजे के करीब जब बीपीईओ ऑफिस में तैनात चपरासी जितेंद्र सिंह ने कार्यालय की सफाई के लिए इसका दरवाजा खोला तो अंदर से एक एलसीडी, सीपीयू व माउस गायब पाए। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर फिंगर प्रिंट व अन्य जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने वीरवार रात को बड़ी चालकी से कार्यालय की खिड़की का शीशा निकाल कर कार्यालय में प्रवेश किया था। उन्होंने कार्यालय में रखे कंप्यूटर की एलसीडी, सीपीयू व माउस चुराने के बाद इस शीशे को पहले की तरह ही वहां लगा दिया। इससे इस बात का पता ही नहीं चल रहा था कि वे ताला लगे कार्यालय में कहां से अंदर गए। पुलिस ने जब मामले की बारीकी से जांच की तो इस बात का पता चला है। उधर, शिक्षा विभाग से पता चला है कि इस कंप्यूटर में मिड डे मील, पैमेंट के बिल व अन्य जरूरी डाटा फीड था। उधर, डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर जरूरी साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 457 और 380 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
