दलाश में एचआरटीसी परिचालक से मारपीट

आनी (कुल्लू)। सवारियां लेकर दलाश गई हिमाचल पथ परिवहन निगम रामपुर डिपो की बस के परिचालक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की है। परिचालक ने आनी थाना में मामला दर्ज कराया है। आरोपी अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। मामला शुक्रवार शाम का कहना है। निगम के परिचालक मीना राम ने बताया कि शुक्रवार को आनी से रिवाड़ी बस रूट पर गए थे। जब वह दलाश पहुंचे तो यहां कुछ शरारती तत्वों ने अकारण पहले गाली गलौज की और फिर उनके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि उस वक्त वहां पुलिस कर्मचारी भी मौजूद थे लेकिन उन्होंने आरोपी युवकों पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आनी थाना में मामला दर्ज करवाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अड्डा प्रभारी आनी टीसी वर्मा ने भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा कि अगर इनको ऐसे ही बख्शा गया तो आए दिन चालक-परिचालकों के साथ इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी और चालक-परिचालकों के लिए सेवाएं देना मुश्किल हो जाएगा। परिवहन निगम चालक परिचालक संघ ने भी घटना पर रोष जताया है और पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। आनी पुलिस थाना प्रभारी रोहित मृगपुरी ने बताया कि मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। आगामी कार्यवाही के लिए मामला पुलिस चौकी लूहरी को भेजा गया है। कहा कि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts