भावावैली के सेब पर मंडराया संकट

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले की भावा वैली के करोड़ों रुपये के सेब पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। इस वैली को देश-दुनिया से जोड़ने वाली सड़क डेढ़ माह से अवरुद्ध है। इससे सेब उत्पादकों के माथे पर चिंता की लकीरें झलक रही हैं। हालांकि, अवरुद्ध जगह पर लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक तौर पर स्पेन लगा दी गई है लेकिन स्पेन की दशा सही न होने के कारण सेब उत्पादक इसमें पेटियों की ढुलाई नहीं कर पा रहे हैं। स्पेन की तारें आपस में उलझती रहती हैं, जिससे बार-बार ढुलाई प्रभावित होती है। ऐसे में उत्पादक पेटियों को मजदूरों के माध्यम से अवरुद्ध स्थल से उस पार सड़क तक पहुंचाने को मजबूर हैं। मजदूर एक पेटी को सड़क के उस पार पहुंचाने के पचास रुपये तक ले रहे हैं। इससे बागवानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदेश युवा मोर्चा के प्रवक्ता राज कुमार नेगी ने सरकार से सड़क को जल्द बहाल करने की मांग की है। एसडीएम भावानगर सुदेश कुमार मोक्टा ने बताया कि भावा वैली की सड़क को बहाल करने में अभी 10 से 12 दिन लगेंगे। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर स्पेन लगाई गई है, वहां लाइनमेंट सही नहीं है। इससे पेटियों की ढुलाई में समस्या आ रही है। रही बात मजदूरों की ओर से अधिक पैसे लिए जाने की तो इसकी छानबीन करवाकर कार्रवाई की जाएगी।

Related posts