थनोली में विद्युत बोर्ड कर्मचारी की हत्या

चुवाड़ी (चंबा)। उपमंडल कीहुबार पंचायत के गांव थनोली में विद्युत बोर्ड में कार्यरत एक टी मेट की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके इस बारे में छानबीन शुरु कर दी है। चरण दास पुत्र बजिरू राम का शव उसके घर से महज दस मीटर की दूरी पर अर्धनगभन अवस्था में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। डीएसपी डलहौजी रमन शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हत्या के कारणों और हत्यारे का पता लगाने के लिए छानबीन शुरु कर दी है। उन्होंने घटना की सूचना मिलने के बाद खुद मौके पर पहुंच कर शव का निरीक्षण किया और अहम जानकारियां एकत्रित कीं। फिलहाल शुक्रवार शाम तक हत्या के मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चरण दास चुवाड़ी में ही विद्युत बोर्ड में टी मेट के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने उसके खून से सने पड़े शव को देखा और इसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी। प्रधान ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस दल सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा। उसके सिर व कानों पर चोटों के निशान पाए गए हैं। इससे लगा कि किसी ने उसको पीट कर हत्या की है। चर्चा है कि वारदात वाली रात चरणदास के घर में वह अकेला था और उसकी पत्नी कुजंर महादेव के न्हौण में गई थी। इस दौरान कोई वीरवार रात को उसके साथ था, जिसने उसकी हत्या की है। इस तरह से संदिग्ध परिस्थितियों में चरण दास का शव मिलने से क्षेत्र में दशहत का माहौल है। शव का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह स्थानीय अस्पताल में किया जाएगा। चरण दास ने टी मेट की नौकरी से फरवरी, 2014 में सेवानिवृत्त होना था।

Related posts