नौ पदों के लिए होगा घमासान

चंबा। जिला चंबा में पंचायतों व जिला परिषद के रिक्त पदों को भरने के लिए छह अक्तूबर को उपचुनाव होगा। खाली पदों के लिए प्रत्याशी अपना नामांकल पत्र 19, 20, 21 सितंबर को भर सकते हैं। बौंदेड़ी व टुंडी वार्ड में जिला परिषद की कुर्सी गत वर्ष दिसंबर माह से खाली पड़ी है। वर्तमान में जिला चंबा में जिला परिषद की दो सीटों सहित कुल नौ पद खाली हैं। इसमें मोरठु पंचायत के प्रधान व रापुरा पंचायत में उपप्रधान का पद भी लंबे अरसे से खाली है। इसके अलावा वार्ड पंचों के पद भी खाली चल रहे हैं। जिला पंचायत अधिकारी रमेश चंद कपूर ने बताया कि जिला परिषद सदस्य के लिए उप मंडलाधिकारी के भटियात और चुराह के कार्यालय में नामांकन भरा जा सकता है। उन्होंने बताया कि पंचायतों में रिक्त चल रहे पदों के लिए भी नामांकन पत्र 19, 20, 21 सितंबर को संबंधित पंचायतों में सहायक निर्वाचन अधिकारी के पास भरे जाएंगे। 23 सिंतबर, 2013 को नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी तथा 25 सिंतबर को नामांकन पत्र वापिस लिए जाएंगे तथा इसी दिन चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे। जिला पंचायत अधिकारी रमेश चंद कपूर के अनुसार खाली पदों पर चुनाव की तिथि घोषित हो चुकी है। विभाग जरूरी औपचारिकताएं पूर्ण करने में जुट गया है। उन्होंने बताया कि छह अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान के बाद प्रधान, उप प्रधान व वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम पंचायत घर में सहायक निर्वाचन अधिकारी घोषित करेंगे। जिला परिषद के सदस्यों के मतों की गणना सात अक्तूबर को होगी और जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से मतगणना पूरी करने के उपरांत परिणाम घोषित किया जाएगा।
इंसेट …………
इन पदों के लिए होगा चुनाव
स्थान पद
तीसा का बौंदेड़ी वार्ड जिप सदस्य
भटियात का टुंडी वार्ड जिप सदस्य
मोरठु पंचायत प्रधान
राजपुरा पंचायत उप प्रधान
चीलबंगला पंचायत भवरौता वार्ड सदस्य
मसरूंड पंचायत सपड़ाह वार्ड सदस्य
मनोला पंचायत मनोला वार्ड सदस्य
सिंयूर पंचायत घुआं वार्ड सदस्य
भजोत्रा पंचायत संगोटी वार्ड सदस्य

Related posts