
नैनो कार साल नदी के किनारे जा गिरी। इससे कार में सवार छह लोग घायल हो गए हैं। कार हादसे में वाहन चालक को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चालक मनीष को कांगड़ा स्थित टांडा अस्पताल रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि कार सवार साहो न्हौण से वापिस लौट रहे थे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह छह लोग कार (नंबर एचपी 73-2920) में साहो से चंबा की ओर आ रहे थे। इसके चलते करीब छह बजे बनियाग के पास नैनो कार अनियंत्रित होकर साल नदी के किनारे गिर गई। इसमें सवार मनीष शर्मा (32) पुत्र मनु तारी शर्मा निवासी बनगोटू, राकेश (24) निवासी पुखरी, रमेश (24) पुत्र किरपा राम निवासी कुठेड, दिलजीत (42) निवासी सरोल, रजनीश (36) निवासी सरोल, पवन (32) को काफी चोटें आई हैं। ईएमटी मोहम्मद रफी व चालक योगराज ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंचाया। क्षेत्रीय अस्पताल में इमरजेंसी में तैनात डा. राजेंद्र विष्ठ ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। उन्होंने बताया कि चालक मनीष कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा अस्पताल रेफर कर दिया है। उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आईपीसी की धारा 279, 337 के तहत वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने में जुट गई है।
