रेहड़ी-फड़ी वालों पर शिकंजा कसेगी नप

कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू अस्पताल के मुख्य गेट पर रेहड़ी-फड़ी नहीं लगाने दी जाएगी। रेहड़ियां यहां लगने से बडे़ हादसे की आशंका रहती है। अस्पताल आने जाने वाले लोगों को सड़क क्रास करने में भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां पहले भी सड़क पार करते कई लोग वाहन की चपेट में आ चुके हैं। नगर परिषद का कहना है कि अगर यहां कोई रेहड़ी-फड़ी लगाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसकी पुष्टि नगर परिषद के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने की है।
अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव नजदीक आते ही नगर परिषद कुल्लू ने सड़क किनारे ट्रैफिक में बाधा पहुंचाने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर परिषद ने रेहड़ी-फड़ी वालों को चेताया है कि अगर अस्पताल के मुख्य गेट पर रेहड़ी लगाई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ऋषभ कालिया ने बताया कि अस्पताल के गेट पर रेहड़ी-फड़ी लगने से खासकर अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। कुल्लू में रेहड़ी-फड़ी वालों की संख्या में दिनप्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है। उन्हाेंने खासकर अस्पताल के गेट पर रेहड़ी-फड़ी और फ्रूट बेचने वालों को हिदायत दी है कि यदि यहां पर रेहड़ी फड़ियां लगाईं तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts