आखिर पुलिस के पास पहुंचे डंगोली वासी

ऊना। जिला मुख्यालय की समीपवर्ती ग्राम पंचायत डंगोली में एक ही परिवार के साथ पेश आ रही वारदातों के मामले में लगभग सात दिन के बाद शिकायत पुलिस के पास पहुंच ही गई है। डंगोली में कोई अज्ञात व्यक्ति एक ही परिवार के लोगों के साथ वारदातों को अंजाम देने में लगा है। इसके चलते पूरे गांव में न केवल दहशत का माहौल है, बल्कि लोगों के दिन का चैन और रातों की नींद तक उड़ चुकी है। स्थानीय युवकाें को पूरी-पूरी रात पहरेदारी कर अपने गांव के लोगों की सुरक्षा करने को विवश होना पड़ रहा है। हालांकि इन वारदातों के संदर्भ में खुद पुलिस अधिकारी भी पीड़ित परिवार के पास शिकायत दर्ज करने पहुंचे थे, लेकिन पीड़िताें ने दोनों बार मामले दर्ज करवाने से इनकार कर दिया था। शनिवार को हुए घटनाक्रम में डंगोली की ग्राम पंचायत प्रधान नरेश कुमारी के माध्यम से पीड़ित परिवार के सदस्यों ने पुलिस को शिकायत सौंप कर मामले की छानबीन कर उन्हें भयमुक्त करने की मांग की है। ग्राम पंचायत प्रधान नरेश कुमारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार की शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है, जबकि समूचे गांव के लोग इन हालातों में उक्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उधर, एसएचओ सदर केएल बैरी ने बताया कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने घटना की छानबीन आरंभ कर दी है। डंगोली में आतंक फैलाने वाले अज्ञात लोगों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि डंगोली में चल रहे घटनाक्रम पर अंकुश लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

Related posts