
चंबा। चंबा में बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवाएं चरमराने से जिलावासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जिला में बीते तीन दिनों से बीएसएनएल की मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं बीच-बीच में ठप हो रही हैं, जिससे उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। बुधवार को भी इंटरनेट सेवाएं ठप रहने से बस स्टेंड चंबा में सुबह से शाम तक लंबी दूरी पर जाने वाली बसों की टिकटों की बुकिंग नहीं हो पाई। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्री दिल्ली व शिमला की टिकट लेने के लिए बस स्टैंड से मुख्य डाकघर के चक्कर काटते रहे। दोनों जगह इंटरनेट सुविधा बंद रहने से बुकिंग नहीं हो पाई। मजबूरन यात्रियों को बस में ही बैठने के बाद टिकटें लेनी पड़ीं। इससे कई यात्रियों को सीटें भी नहीं मिल पाई। गौर रहे कि बीएसएनएल की सेवाएं पिछले तीन दिन से चरमरा रही है। इसका कारण तकनीकी खराबी बताई गई थी, जो अभी तक ठीक नहीं हो पाई है। स्थानीय साइबर कैफे मालिकों को भी इंटरनेट सेवाएं चरमराने से नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय उपभोक्ताओं राज कुमार, विजय कुमार, अजीत ठाकुर, सोनम, दीपिका शर्मा, सपना ठाकुर, रोहित राज, विकास महाजन ने दूरसंचार निगम से बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की मांग की है। एचआरटीसी के आरएम अनूप राणा ने बताया कि कुछ दिनों से इंटरनेट में दिक्कत होने के कारण टिकटों की बुकिंग नहीं हो पा रही है। इसके कारण सवारियों को बसों में स्वयं टिकट लेना पड़ रहा है।
