
चंबा। जिला के भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने महंगाई को लेकर शहर में बुधवार को यूपीए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने रैली निकाल कर केंद्र सरकार के प्रति अपना रोष प्रकट किया। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जय सिंह की अगवाई में एसी दिप्ती कपूर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। जय सिंह ने कहा कि आम जनता की महंगाई के कारण बुरी दशा हो गई है। देश में बढ़ रही महंगाई की जिम्मेवार केंद्र की यूपीए सरकार है। तेल और डीजल की कीमतों पर सरकार अपना नियंत्रण खो चुकी है। देश का सोना विदेशी हाथों में गिरवी रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जबसे कांग्रेस की सरकार बनी है तब से बेरोजगारों की संख्या बढ़ी है। कांग्रेस सरकार भाजपा के जीते हुए प्रधानों, बीडीसी सदस्य और भाजपा नेताओं पर झूठे मुकदमें बना रही है। इस पक्षपात की राजनीति से प्रदेश का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि डिपुओं में सरकारी राशन व चीनी नहीं मिल रही है। प्याज के दाम 70 रुपये तक पहुंच गए हैं। इससे आम आदमी का जीना और बेहाल होता जा रहा है। देश की जनता इस महंगाई से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि महंगाई को रोकने के लिए यूपीए सरकार कोई भी ठोस कदम नहीं उठा रही है। इस अवसर पर जिला भाजयुमो महामंत्री योगराज, रामलाल, बलदेव, जन्म सिंह, मान सिंह, मोतीराम, कुलदीप, दीप सिंह, जयराम, साहब सिंह और भिल्लो राम मौजूद रहे।
