यहां अर्थशास्‍त्र ही पढ़ते हैं छात्र

तेलका (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तेलका में कॉमर्स विषय के विद्यार्थियों की पढ़ाई रामभरोसे चल रही है। जमा एक व जमा दो में पढ़ रहे 72 विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए एकमात्र ही शिक्षक मौजूद है। कई दिनों से कॉमर्स संकाय के विद्यार्थियों की केवल अर्थशास्त्र विषय की ही कक्षा लग रही है। बाकी विषयों अंग्रेजी, वाणिज्य अध्ययन व सांख्यिकी अध्ययन के शिक्षक स्कूल में तैनात नहीं हैं। शिक्षकों के पद रिक्त होने से बच्चों को पढ़ने में मुश्किलें हो रही हैं। इससे उनके अभिभावक भी काफी चिंतित हैं। इसके अलावा स्कूल में क्लर्क, कार्यालय अधीक्षक प्रयोगशाला सहायक, लाइब्रेरी सहायक के पद भी लंबे अरसे से रिक्त चले हुए हैं। इससे स्कूल की कागजी कार्रवाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय के एक शिक्षक का सारा समय कागजी कार्य करने में बीत जाता है। वर्तमान में ग्यारवीं व बारहवीं कक्षा में करीब 200 छात्र पढ़ रहे हैं। यहां पढ़ रहे बच्चों के अभिभावकों जगदीश ठाकुर, मुकेश कुमार, अमीर खान, संजीव कुमार, कमलेश कुमार, योगेश कुमार, सरदार मोहम्मद, नजीर, रमजना मोहम्मद, धर्म सिंह, शिव कुमार, देस राज बंसत ने बताया कि तीन माह में स्कूल से दो अध्यापकों के तबादले हो चुके हैं। रिक्त पदों को भरा नहीं जा रहा है। क्लर्क का पद भी लंबे अरसे से खाली पड़ा हुआ है। उन्होंने प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग से रिक्त पदों को भरने की मांग की है। उधर, स्कूल के प्रधानाचार्य केवल कृष्ण शर्मा ने बताया कि शिक्षकों की कमी का मामला विभाग के ध्यान में है। हर तीन माह बाद शिक्षकों के रिक्त पदों की रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजी जाती है।

Related posts