
चंबा। स्थानीय चौगान नंबर दो में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। ट्रांसफार्मर में आग लगने से डोगरा बाजार में एक बिजली के खंभे में भी शार्ट सर्किट हो गया और खंभे से लोगों के घरों को जा रही बिजली की सर्विस वायर जल गई। शार्ट सर्किट से लगी आग को देखते ही स्थानीय लोगों ने अगिभनशमन विभाग को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही अगिभनशमन विभाग के कर्मचारी अपनी पूरी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे गए और उन्होंने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अगर आग फैलती तो साथ लगते कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। गौर रहे कि इससे पहले भी जिला के कई इलाकों में बिजली के शार्ट सर्किट होने के मामले सामने आए हैं। इसमें कई लोगों को जान माल का नुकसान हुआ है। बिजली बोर्ड ने इन सभी हादसों से कोई भी सबक नहीं लिया है। स्थानीय लोगों को कहना है कि चौगान नंबर दो में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में आए दिन शार्ट सर्किट होता रहता है। इसके लिए वे बिजली बोर्ड के अधिकारियों को कई बार सूचित भी कर चुके हैं लेकिन आज दिन तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द इस समस्या का कोई उचित हल नहीं निकाला गया तो भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। इसके लिए बिजली बोर्ड ही पूर्ण रूप से जिम्मेवार होगा। उधर, अगिभनशमन विभाग के कर्मचारी ध्यान सिंह, अशोक कुमार, अवतार सिंह व मनोज कुमार ने मौके पर पहुंच कर लगभग एक करोड़ रुपये की संपत्ति को नुकसान होने से बचाया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल शार्ट सर्किट से लगभग एक हजार रुपये का नुकसान ही हुआ है। उन्हें इस घटना की सूचना सुबह करीब 9 बजे मिली थी। वे सूचना मिलने पर तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे।
