तो रुकवा देंगे परियोजना का कार्य

कुल्लू। रैला पंचायत के लोगों ने बैठक में प्रस्ताव पारित कर पार्वती जल विद्युत परियोजना के प्रबंधन से लंबित पड़ी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की गई। साथ ही धमकी दी कि अगर मांगों पर गौर नहीं किया गया तो आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। रैला पंचायत के लोगों ने प्रस्ताव पारित कर प्रबंधन को भेज दिया है।
लोगों ने कहा कि लंबित मांगों को पूरा नहीं किया गया तो ग्रामीण परियोजना का कार्य ठप कर देंगे। इसकी जिम्मेवारी ग्रामीणों की नहीं प्रबंधकों की होगी। प्रस्ताव में मुआवजे देने और भूमि अधिग्रहण के लंबित पड़े मामलों को जल्द सुलझाने का आग्रह किया है।
रैला के उपप्रधान बालमुकुंद, बलिराम, जोगिंद्र सेन, लोतम राम, शिव दयाल, योगराज, ऐले राम, पूने, मेहर तथा वेद राम ने बताया कि सालों से जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद भी परियोजना प्रबंधन गांव के लोगों की मांगों पर गौर नहीं कर रहा। उन्होंने सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। एनएचपीसी तीन के जनसंपर्क अधिकारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि मामला कोर्ट में है। कोर्ट के जो भी आदेश होंगे वह उन्हें मान्य होंगे।

Related posts