आंगन में युवती पर गिरा पेड़, मौत

नादौन (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत सनाही के भरयाल गांव में पेड़ की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई। युवती घर के आंगन में कपड़े धो रही थी कि अचानक आम का पुराना पेड़ टूट कर उस पर आ गिरा। इस कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलने के पश्चात प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत राशि प्रदान की। एसडीएम ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार लगभग दोपहर 12 बजे प्रीतम की बेटी पूनम घर के आंगन में कपड़े धो रही थी। इस दौरान साथ लगता आम का पेड़ गिर गया जिसकी चपेट में पूनम आ गई। जब तक पूनम (21) को पेड़ के नीचे से निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो गई थी। प्रीतम की दूसरी बेटी भी बहन के साथ ही खड़ी थी, लेकिन पेड़ गिरता देख पूनम ने बहन को धक्का दे दिया, जिससे वह पेड़ की जद से बाहर हो गई। पेड़ गिरने से प्रीतम की रसोई तथा मकान को भी काफी क्षति पहुंची है। घर के बाहर खड़ी एक कार, मोटरसाइकिल भी पेड़ के नीचे आने से क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रशासन की ओर से एसडीएम बलबीर ठाकुर ने मौका पर पहुंच कर तत्काल राहत के रूप में 10 हजार रुपये की राशि परिवार को दी है। पुलिस ने पूनम का शव कब्जे में ले लिया है तथा आगामी कार्रवाई हेतु भेजा गया है। ग्राम पंचायत प्रधान सनाही निशा शर्मा सहित समाजसेवी कर्नल धर्मसिंह आदि ने मौका पर आकर परिवार को ढांढस बंधाया है। उधर एसडीएम बलबीर ठाकुर ने बताया कि तत्काल राहत देने के बाद अधिकारियों को छानबीन के लिए कहा गया है, पूरी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts