
अर्की (सोलन)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि पिछड़े वर्गों और गरीब लोगों के उत्थान के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। सामाजिक सेवा क्षेत्र में इस वर्ष 1371 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं जो कुल बजट का 34 प्रतिशत है। वह अर्की तहसील के शावग में आंगनबाड़ी भवन का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह आंगनबाड़ी केंद्र एक भव्य तथा बच्चों को आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और प्रदेश के लिए इसे माडल मानकर निर्मित किया जाएगा ताकि भविष्य में इसी तर्ज पर आंगनबाड़ी केंद्र बनें। तीन सौ की आबादी पर एक आंगनबाड़ी तथा डेढ़ सौ की आबादी पर मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना की जा रही है। स्थानीय मांगों को पूरा करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि प्राथमिक पाठशाला शावग को माध्यमिक पाठशाला के रुप में स्तरोन्नत किया जाएगा। लोगों की निजी भूमि पर रेत की खानों का स्थानीय लोगों द्वारा उपयोग करने के संबंध में डा. शांडिल ने कहा कि इस संबंध में कमेटी का गठन किया जाएगा और इसका समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने टयूरू स्कूल में बच्चों के बैठने के लिए बैंच की मांग पर कहा कि निदेशक सर्वशिक्षा अभियान से बात करके बच्चों को यह सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने चल्यान गांव के लिए आंगनबाड़ी भवन बनाने के लिए साढ़े चार लाख रुपये स्वीकृत किए। वहीं शिवनगर में जल्द ही बैंक शाखा खोलने का आश्वासन दिया। उन्होंने शावग में पानी के टैंकों के किनारे पर फैंसिग वाल लगाने के लिए आईपीएच विभाग को निर्देश दिए। दावंटी गांव में खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा, इसके लिए जितनी भी राशि व्यय होगी उसे देने को कहा। इस अवसर पर मंत्री ने आंगनबाड़ी केन्द्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पांच हजार रुपये दिए।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक गोविन्द राम शर्मा, ब्लाक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष संजय अवस्थी, स्थानीय प्रधान पुष्पा ठाकुर, उप प्रधान धर्मपाल गर्ग, कार्यकारी अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी हरीराम कौंडल, विशेष सचिव एमपी सूद, एसडीएम अर्की एलआर वर्मा, नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा, महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी मस्तराम शर्मा, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, बाल विकास परियोजना अधिकारी एचसी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
