
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश विश्वविद्यालय में एनएसयूआई के सम्मान समारोह में कहा कि रूसा का विरोध करने वाले कामचोर हैं। इस सिस्टम को वर्षों पहले विदेशों ने लागू कर दिया था। हिमाचल में पढ़ाई का स्तर बेहतर बनाने के लिए अब लागू किया है। इस सिस्टम से छात्रों को ज्यादा पढ़ना होगा और शिक्षकों को ज्यादा पढ़ाना होगा। इसका विरोध वही कर रहे हैं, जो कामचोर हैं। उन्होंने दावा किया कि छह माह में परीक्षाएं होने से छात्रों को ज्यादा समय पढ़ाई पर देना होगा। युवाओं को इस सिस्टम का फायदा उठाते अपने ज्ञान को बढ़ाना चाहिए। परिसर में चरचा या विरोध के बजाय कक्षाओं में जाकर ज्ञान अर्जित करना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वह छात्र राजनीति के दम पर यहां तक पहुंचे हैं। कांग्रेस एकमात्र ऐसा संगठन है, जहां आम परिवार और आम छात्र नेता को तरजीह दी जाती है। उन्होंने पूर्व छात्र नेता नासिर खान को भी याद किया। मुख्यमंत्री सहित सभी ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष हर्ष महाजन, विक्रमादित्य सिंह, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित चौधरी, प्रभारी निखिल द्विवेदी, वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया और राज्य अध्यक्ष यदुपति ठाकुर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कॉलेजों में एससीए चुनाव में जीते, हारे, कैंपस अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों को सम्मानित किया। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, सीपीएस जगजीवन पाल, आईडी लखनपाल, विधायक बंबर ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, कार्यकारी परिषद सदस्य हरीश जनारथा भी मौजूद थे। कुलपति प्रो. एडीएन बाजपेयी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जिला प्रशासन और विवि प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे।
पढ़ाई करने का बदलेगा तरीका
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने सिस्टम में जून में प्रवेश लेते थे, दिसंबर में किताबें खरीदते थे। दो माह हैल्प बुक्स से संभावित प्रश्नों को घोटा लगाते थे। किस्मत ठीक हुई तो पेपर भी ऐसा ही आता था और पास होने लायक नंबर आ जाते थे। नए सिस्टम से सभी को मेहनत करनी होगी। इससे ग्रेजुएशन के बाद ही मास्टर बनकर निकलेंगे।
हथियार दिखाने वाले सबसे भीरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसर में हथियार के दम पर दूसरे को डराने वाले सबसे भीरू होते हैं। इनसे हथियार छीन लें तो वह दुबक कर भाग जाते हैं। सरकार ने ऐसे तत्वों के डटकर सामना करने का फैसला लिया है।
सुक्खू का अनुराग के खिलाफ मोर्चा
कांग्रेस अध्यक्ष ने सांसद और एचपीसीए अध्यक्ष पर हमला बोला। कहा कि पूर्व सरकार ने सत्ता में बैठते हुए हर चीज का व्यापारीकरण किया। अनुराग ने क्रिकेट का व्यापारीकरण किया। इसके सबूत मामले की जांच में मिले हैं।
पूर्व सरकार पर बरसे विक्रमादित्य
विक्रमादित्य सिंह ने पूर्व सरकार के समय खोले गए निजी विश्वविद्यालयों पर हमला किया। कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं की हितैषी है। उन्होंने एनएसयूआई को एससीए चुनावों में प्रदेश में नंबर वन रहने पर बधाई दी।
