हड़ताल पर बस ऑपरेटर दोफाड़

कुल्लू। निजी बस ऑपरेटर यूनियन की बैठक रविवार को कुल्लू में आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष सर चंद ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 अगस्त को प्राइवेट बस ऑपरेटर यूनियन की कोई भी गाड़ी रूट पर नहीं चलेगी। यूनियन के जिला अध्यक्ष सर चंद ठाकुर ने बताया कि न्यूनतम किराया पांच रुपये करने, किराये में बढ़ोतरी करने और सिंगल विंडो टैक्स आदि की मांगों को लेकर यूनियन की राज्य कमेटी लंबे अरसे से संघर्ष कर रही है। मांगें पूरी न होने पर कमेटी ने 26 अगस्त को हड़ताल का एलान किया है। बैठक में बस मालिक आनंद किशोर, गोकुल शर्मा, भीम सेन, संजय घई, रजत जंबाल, अमित शर्मा, विकास अवस्थी और विनय गोयल आदि मौजूद थे।

उधर, 26 अगस्त को प्रस्तावित प्राइवेट बस ऑपरेटरों की हड़ताल का मिलाजुला असर दिखने की उम्मीद है। सरचंद ठाकुर की यूनियन का विरोध कर रहे दूसरे धड़े ने 26 अगस्त को हड़ताल न करने का निर्णय लिया है। निजी बस सेवा संगठन के संयोजक राजेश कुमार सूद और नरेश करीर का कहना है कि लोगों को होने वाली असुविधाओं को देखते हुए निजी बस सेवा संगठन ने 26 अगस्त को हड़ताल न करने का निर्णय लिया है। निजी बस सेवा संगठन उपायुक्त के माध्यम से सोमवार को मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भेजेगा। नरेश करीर ने दावा किया कि कुल्लू जिले की 110 निजी बसों के मालिकों में से 80 बसों के उनके संगठन के साथ हैं।

जहां निजी बसें नहीं चलेंगी, वहां एचआरटीसी देगी सेवा
कुल्लू। आरएम कुल्लू पवन कुमार का कहना है कि बस ऑपरेटरों की हड़ताल को लेकर निगम ने तैयारियां कर ली हैं। जिन-जिन रूटों पर निजी बसें नहीं चलेंगी, वहां पर परिवहन निगम की बसें चलाई जाएंगी। परेशानियां न हो, इसके लिए परिवहन निगम प्रयास करेगा।

Related posts