
पतलीकूहल (कुल्लू)। पतलीकूहल सब्जी मंडी से बाहरी राज्य का एक व्यापारी पांच लाख रुपये का सेब लेकर फरार हो गया। पतलीकूहल के आढ़तियों ने इस सिलसिले में पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। पतलीकूहल पुलिस ने सभी पुलिस चौकियों और थानों को इसकी सूचना कर दी। लिहाजा, आरोपी व्यापारी को हिमाचल और पंजाब की सीमा पर स्वारघाट में माल सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
पतलीकूहल सब्जी मंडी में आढ़ती का काम करने वाले मोहन लाल ठाकुर, संजय, रोशन लाल, अजय ठाकुर और कुंजलाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि पड़ोसी राज्य यूपी के हस्तिनापुर मेरठ निवासी व्यापारी ललित उनसे करीब पांच लाख रुपये का सेब लेकर गाड़ी में लोड करने लगा। जब उससे पेमेंट के बारे में पूछा गया तो उसने कुछ घंटों में इसकी अदायगी की बात कही। बाद में वह बिना पेमेंट किए पतलीकूहल से फरार हो गया। उसने आढ़तियों के फोन भी नहीं उठाए। लिहाजा, शक होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मनाली थाने के एसएचओ नीलचंद ने बताया कि मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है। इस बीच आढ़तियों और गिरफ्तार आरोपी के बीच समझौता करवाने की कवायद भी शुरू हो गई थी।
