
बद्दी (सोलन)। नगर परिषद बद्दी के वार्ड नंबर दो में पेयजल किल्लत, सिवरेज, बरसाती पानी की निकासी और नियमित सफाई न होने से लोग काफी परेशान है। यहां पर तीन हजार की आबादी है लेकिन दस हजार से अधिक किरायेदार रह रहे हैं। इस वार्ड में बद्दी बस स्टेंड, पीएचसी, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल से होते हुए पानी की टंकी तथा वहां से पिंजौर-नालागढ़ मार्ग तक के पूरा बद्दी गांव आता है। पूरा गांव में बिना प्लानिंग के बनाए जाने से हवा की क्रासिंग नहीं हो रही है जिससे गर्मी के दौरान लोगों को घुटन महसूस होती है।
दिन सोमवार सुबह 8 -50 पर बद्दी की पानी की टंकी के साथ कुड़ादान तो रखा हुआ है लेकिन रूटीन में कूड़ा न उठाए जाने से यहां पर कूड़ा सड़ने की दुर्गंध से लोगों को दो-चार होना पड़ रहा था। यहां पर शौचालय भी है लेकिन उसकी आजतक कभी सफाई नहीं हो पाई। इससे राहगीरों और इसके समीप रहने वाले लोगों क ो दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।
नगर परिषद ने इस वार्ड के साथ लगते मार्ग को पक्का तो कर दिया है, अब नालागढ़ से आने वाले वाहन इसी रास्ते का प्रयोग करते हैं। तेज रफ्तारी से चलने वाले वाहन दुर्घटनाओं को निमंत्रण दे रहे हैं। सिवरेज की कोई व्यवस्था न होने से सिवरेज टैंक भरने पर स्वयं सफाई करानी पड़ती है। सड़क के साथ बह रहा गंदा नाला की रुटीन में सफाई न होने से भी लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड के साथ पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोगों को घरों में बरसाती पानी घुस रहा है।
–
लोगों को क्या चाहिए
-रूटीन में कूड़ा उठाया जाए
– नालियों की सफाई नियमित हो
-बस स्टैंड के साथ बरसाती पानी की निकासी का प्रबंध हो
-वार्ड में बने संपर्क मार्ग पर स्पीड ब्रेक लगाए जाएं
– शीतल वर्मा के घर के साथ बिजली की तारों को ठीक कराए
– पेयजल वितरण का समय बढ़ाया जाए
— नियाज मोहम्मद का कहना है कि वार्ड में सिवरेज की कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों के अपने निजी टैंक हैं। जब टैंक भर जाते हैं तो ओवर फ्लो हो कर गंदगी नालियों में बहती है जिससे गंदगी फैल रही है।
-तरक्की लाल कौशल के अनुसार वार्ड के साथ बने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहुत अधिक हो गई है जिससे बच्चों के घर से बाहर निकलना कठिन हो गया है। यहां पर स्पीड ब्रेक लगाये जाएं। वार्ड में गश्त बढ़ाई जाए। प्रवासी कामगार किराए के मकान के रूप में रहने से यहां चोरी की घटनाएं बहुत बढ़ गई है। घरों से लोगों के मोटर, लोहे के स्टैंड चोरी हो रहे हैं।
-रामलोक कौशल ने बताया कि उनके घर के आगे आईपीएच का कमरा कूड़ादान बना हुआ है। अब तो यहां पर लोग रात के समय शौच भी कर रहे हैं जिससे गंदगी फैल रही है।
–नेहा कौशल ने बताया कि उनके घर के सामने एक बिजली का खंभा लोगों को दुर्घटनाओं के लिए आमंत्रित कर रहा है। खंभे के नीचे से जाते समय तारे लोगों के सिर में छू रही है जिससे यहां पर बड़ा हादसा हो सकता है। इसे ठीक कराया जाए।
–शीतल वर्मा ने कहा कि उनका क्षेत्र ऊंचाई पर होने से पानी कम आ रहा है जिससे उन्हें पानी खरीदना पड़ रहा है। एक दिन छोड़ कर यहां पर सफाई होती है जिससे कूड़े के ढेर लग जाते हैं।
-कमल भारद्वाज ने कहा कि उनका क्षेत्र वार्ड नंबर दो में आता है उन्हें वोट का अधिकार भी है लेकिन उनकी न तो सड़क पक्की हुई। न ही पानी निकासी की उचित व्यवस्था है। बारिश के पानी उनके घरों में घुसता है।
-भाजपा की पार्षद वीना कौशल के अनुसार वार्ड नंबर दो में हर रोज सफाई होती है। उनका वार्ड सभी वार्डों से साफ सुथरा है। गलियों और सड़क को पक्का किया गया है। स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ही ठीक करा दिया जाएगा।
– कांग्रेस के पार्षद पद के उम्मीदवार सलीम मोहम्मद ने बताया कि नालियों की सफाई और कूड़ा रूटीन में नहीं उठाया जा रहा है जिससे इस वार्ड के नागरिक परेशान हैं। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें भी बंद पड़ी है। नालियों की रूटीन में सफाई नहीं होती है।
