उद्योग में आग से लाखों का नुकसान

नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के चौंकीवाला स्थित एक फार्मा उद्योग के आईटी विभाग के सर्वर रूम में अचानक लगी आग से लाखों रुपये की संपत्ति राख हो गई है। सुबह 9 बजे अचानक लगी इस आग से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, अपितु उद्योग प्रबंधकों के मुताबिक आगजनी में उद्योग को करीब 60 लाख रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नालागढ़ रोपड़ मार्ग पर चौंकीवाला में स्थित फार्मा उद्योग के सर्वर रूम में अचानक आग लग गई। सुबह लगी इस आग से तुरंत उद्योग के कामगार आग बुझाने में जुट गए, वहीं दमकल विभाग नालागढ़ को इस बारे में सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग नालागढ़ की एक टीम एक वॉटर बाउजर और क्यूआरबी को लेकर मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल विभाग की टीम में मुख्य प्रशामक केवल सिंह, प्रशामक जिया लाल और जोगिंद्र सिंह, होमगार्ड के जवान दीप राम, तुला राम और चालक प्रदीप कुमार एवं मदन लाल शामिल थे जिन्होंने आग पर काबू पाया और उद्योग की अन्य करोड़ों रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया। उद्योग प्रबंधकों के मुताबिक इस आगजनी में सर्वर रूम में रखे कंप्यूटर, सीपीयू, मानिटर एवं अन्य सामग्री, रोटर, नेटवर्किंग स्विचिज, यूपीएस, एसी, पंखे, प्रिंटर, रोटर सिक्कों, सीसीटीवी, ऑफिस केबल वायर एवं नेटवर्क, सीसीटीवी का डीवीआर अन्य उपकरणों सहित आदि पूरी तरह से जल गए हैं।
उद्योग के मालिक ने कहा कि सर्वर रूम में रखा सामान करीब पूरी तरह से जल चुका है और आग लगने से उद्योग को 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उद्योग का पूरा काम इसी सर्वर रूम से होता था और आईटी विभाग के इस सर्वर रूम में सीसीटीवी कैमरा एवं अन्य कार्य यहीं से मानिटर होते थे।
दमकल विभाग नालागढ़ के कार्यकारी फायर अफसर एवं मुख्य प्रशामक केवल सिंह ने कहा कि सूचना मिलते ही दो वाहनों सहित अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे और एक घंटे के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि आग से हुए नुकसान का सही आंकलन लगाया जा रहा है। उन्होंने माना कि नुकसान लाखों रुपये का है और करोड़ों रुपये की अन्य संपत्ति को जलने से बचाया गया है।

Related posts