अनियंत्रित टाटा सूमो गहरी खाई में गिरी, चार घायल

भीमताल। भीमताल से जंगलियागांव जा रही टाटा सूमो के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद हल्द्वानी रिफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक टाटा सूमो संख्या यूके 04 टीए-0495 बुधवार की रात भीमताल से जंगलियागांव की ओर जा रही थी। पांडेगांव से लगभग एक किलोमीटर आगे पहुंचते ही सूमो अनियंत्रित होकर लगभग दो सौ मीटर नीचे थपलिया मेहरागांव वाली सड़क पर आ गिरी। सूमो में सवार यात्रियों की चीख पुकार सुन पांडेगांव निवासी के कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आनन फानन में सीओ बचन सिंह राणा और थानाध्यक्ष संजय सिंह गर्ब्याल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। युंका नेता नितेश बिष्ट, बालम सिंह नौला समेत 108 के चालक गिरीश चंद्र ऊर्फ गिरधारी, भूपेंद्र कुमार और पुलिस के जवानों ने घायलों को खाई से निकालकर रात्रि साढ़े दस बजे तल्लीताल स्थित सीएचसी पहुंचाया। दुर्घटना में सूमो चालक रघुवीर सिंह कुल्याल (30) पुत्र शेर सिंह कुल्याल, महेश चंद्र आर्य (25) पुत्र दयालशरण राम, किरन कुमार (26) पुत्र आनंद कुमार और किशन राम (35) पुत्र नंदीराम घायल हुए हैं। सभी घायल जंगलिया गांव के हैं। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को हल्द्वानी रिफर कर दिया गया।

Related posts