
चंबा। छात्र संघ चुनावों की तिथि तय होते ही एसएफआई ने स्थानीय कॉलेज में प्रचार शुरू कर दिया है। इकाई के कार्यकर्ताओं ने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से एसएफआई को समर्थन करने का आग्रह किया। इसके बाद कॉलेज परिसर में इकाई की बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला सचिव विजय राठौर ने की। उन्होंने छात्र वर्ग से एसएफआई को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर एसएफआई केंद्रीय छात्र संघ में जीत कर आती है तो छात्र हित के मुद्दों को सरकार व विवि प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसएफआई महंगी शिक्षा का विरोध करेगी और गरीब तबके को सस्ती शिक्षा मुहैया करवाने का प्रयास करेगी। छात्र वर्ग को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। परिसर अध्यक्ष नारायण सिंह और सचिव सुदेश राजपूत ने बताया कि एसएफआई ने अपना चुनावी एजेंडा तैयार कर लिया है। एसएफआई छात्र हित की मांगों को पूरा करने के लिए चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने छात्र समुदाय से एसएफआई को सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनावों के उपरांत छात्र हित की मांगों को पूरा करने के लिए उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। बैठक में संजू, सतीश, संजीव, पवन कुमार, नेम राज, अजय कुमार, तिलक, विजय, विनय मौजूद रहे।
