
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के दौरान लगाई गई अस्थायी मार्केट से बिजली क ा कनेक्शन काटने पर बाहर से आए व्यापारी नाराज हो गए हैं। शनिवार को व्यापारियों को खदेड़ने के लिए मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ व्यापारियों की मामूली कहासुनी हो गई। इस दौरान काफी देर तक माहौल गरमा गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कारोबारी इस बात को लेकर अड़े हैं कि उन्हें 11 तक कारोबार करने का समय दिया जाए, जबकि मेला कमेटी की ओर से नौ अगस्त को बिजली के कनेक्शन काट दिए हैं। इसके अलावा 12 तारीख तक चौगान को पूरी तरह खाली करवाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। उधर, तहसीलदार मनोज कुमार ने बताया कि कारोबारियों को नोटिस थमा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि डूम लगाने वाले से 10 अगस्त तक का कांट्रेक्ट किया गया है। उन्हें अस्थायी दुकानें गिराने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर दुकानें न हटाने पर सिक्योरिटी जब्त कर ली जाएगी। प्रशासन की सख्ती के बाद शनिवार को कुछ कारोबारियों ने सामान की पैकिंग करनी शुरू कर दी थी, मगर लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए वे समान नहीं समेट पाए। लोगों की तादात बढ़ने के कारण व्यापारी अभी तक दुकानदारी समेटने की मुड़ में नहीं हैं। होमगार्ड के जवानों ने चौगान में फड़ी लगाकर बैठे व्यापारियों को भी खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भी नहीं हटे हैं। बहरहाल प्रशासन ने रविवार तक चौगान को सख्ती से खाली करने के कारोबारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
