
चंबा। जिला रोजगार कार्यालय एकमात्र सीनियर असिस्टेंट के हवाले है। विभाग में आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हुए हैं। यह पद पिछले लगभग एक साल से खाली हैं। इसके कारण युवाओं को रोजगार कार्यालय में नाम पंजीकृत करवाने में अड़चने पेश आ रही हैं। इसके अलावा विभाग के कर्मचारियों पर भी काम का बोझ अधिक बढ़ गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मौजूदा समय में जिला रोजगार कार्यालय में जिला रोजगार अधिकारी, सुपरिंटेंडेंट, एसए, सांख्यिकी सहायक और क्लर्कों के पद रिक्त पड़े हुए हैं। यह पद लंबे समय से खाली चल रहे हैं। इस कारण विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा है। कार्यालय में रोजगार अधिकारी के न होने के कारण इसका चार्ज श्रम अधिकारी को दिया गया है। इसके अलावा विभाग का बाकी कामकाज सीनियर असिस्टेंट संभाल रहे हैं। विभाग में एक भी क्लर्क नहीं है। इस कारण कार्यालय में नाम पंजीकृत करवाने पहुंच रहे युवाओं को लाइनों में खड़े होकर लंबा इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय युवा राकेश कुमार, विनोद कु मार, चंदन, दिनेश शाह, हाफिज खान, रोहित, यादेश शर्मा, विक्की और सोनू ने बताया कि रोजगार कार्यालय में स्टाफ की कमी होने के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। उनके काम समय पर नहीं निपट पा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि विभाग में खाली पड़े पदों को जल्द भरा जाए। इसके बारे में सीनियर असिस्टेंट हरबंस धीमान ने बताया कि विभाग में स्टाफ की कमी होने के कारण कामकाज काफी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में दो क्लर्कों की सख्त आवश्यकता है।
