
कोटखाई (शिमला)। बागा के पास चट्टानें गिरने से रास्ता बंद हो गया है। इसके चलते आम लोगों के साथ ही बागवानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बागवानों को सेब मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। सेब गोदामों में फंसा हुआ है। इसी जगह 14 जुलाई को चट्टानें गिरने के कारण दो लोगों की मौत हो चुकी है। 14 जुलाई को हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए उक्त स्थान पर पूजा अर्चना भी की जानी थी, लेकिन उससे पहले फिर चट्टानें गिरने के कारण सड़क बंद हो गई है। चट्टानों का गिरना अभी भी जारी है, जिससे यहां लोगों को खतरा बना हुआ है। पंचायत प्रधान मोहन चौहान और कनिष्ठ अभियंता विकास खंड जुब्बल नरेश चौहान ने मौके का जायजा लिया। इसके बाद रास्ता साफ करने के लिए जेसीबी मशीन भी लगाई है, लेकिन अभी तक रास्ता साफ नहीं हो सका है। क्षेत्रवासी शेर सिंह ठाकुर, लायक राम ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, संजय ठाकुर, नीरज ठाकुर, निरंजन ठाकुर तथा राजीव ठाकुर ने सरकार से मांग की है कि इस आपदा से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं। एसडीएम ठियोग एमआर भारद्वाज ने बताया कि स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बारे में बीडीओ जुब्बल को अवगत करवा दिया गया है और बजट भी जल्द मुहैया करवा दिया जाएगा।
