
रिकांगपिओ (किन्नौर)। काशंगनाला में अवरुद्ध नेशनल हाईवे-22 चार दिन बाद भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया। इससे लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खाद्य समेत अन्य जरूरी वस्तुओं को लेकर पूह ब्लॉक जा रही गाड़ियों समेत सैकड़ों वाहन हाईवे के दोनों ओर फंसे हैं। इधर, सीमा सड़क संगठन का कहना है कि पहाड़ी से लगातार पत्थर दरक रहे हैं, जिससे सड़क बहाली कार्य लंबा खिंचता जा रहा है। काशंगनाला में शुक्रवार को चट्टानें गिरने से सड़क बंद हो गई थी। हालांकि, सीमा सड़क संगठन ने सड़क बहाली का कार्य तुरंत शुरू कर दिया था, लेकिन पत्थरों के गिरने का क्रम फिर शुरू होने के कारण सड़क आज तक बहाल नहीं हो पाई। पत्थर गिरने से काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सड़क न खुलने से पूह ब्लॉक समेत काजा के लोगों को आवागमन में दिक्कतें पेश आ रही हैं। सीमा सड़क संगठन के ओसी एचआर वनराज ने बताया कि संगठन के जवान सड़क बहाल करने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन पत्थरों के लगातार गिरने से काम में बाधा आ रही है।
