सत्ता परिवर्तन में युवाओं का अहम रोल

ऊना। प्रदेश भाजपाध्यक्ष एवं सदर के विधायक सतपाल सत्ती ने कहा है कि देश में सत्ता परिवर्तन की लहर में युवा वर्ग अहम रोल अदा करेगा। देश को कांग्रेस मुक्त बनाकर जनता को राहत प्रदान की जाएगी। सत्ती रविवार को स्थानीय विश्राम गृह में ऊना मंडल युवा मोर्चा की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में सतपाल सत्ती ने ऊना मंडल युवा मोर्चा के सदस्यता अभियान की भी शुरुआत की। इस बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजेश कौशल ने की। बैठक में जिला उपाध्यक्ष सागर दत्त भारद्वाज, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, मंडल भाजपा महामंत्री तिलक राज सैणी, जिला सदस्यता अभियान प्रभारी लखविंद्र लक्खी व युवा नेता नवदीप कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। सतपाल सत्ती ने कहा कि युवा वर्ग को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को समझते हुए देश एवं प्रदेश की समस्याओं पर आक्रामक होकर आंदोलनात्मक गतिविधियों को बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा क्रांति ही देश में बदलाव की लहर को तूफान में बदल सकती है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह युवा वर्ग की सबसे विरोधी पार्टी है। उसने युवाओं के लिए नौकरी के दरवाजे बंद किए, लोन महंगा किया और स्वरोजगार को भी दूर की कौड़ी बना कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि चुनावों में युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का राग अलापने वाली कांग्रेस अब युवा कौशल भत्ते की बात कर रही है और अभी तक एक भी युवा को भत्ता नहीं दिया गया है। सत्ती ने कहा कि युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के नारे जुड़ेगा युवा, बढ़ेगा भारत को आगे बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक युवाओं को युवा मोर्चा की सदस्यता दिलाने का प्रयास करना होगा। इस अवसर पर ऊना मंडल भाजपा महामंत्री बलविंद्र गोल्डी, राजन सहोड़, स्वराज टिकड़ा, राज कुमार पठानिया, देवेंद्र कुमार, अनिल कुमार, किशन कुमार, पुनीत मैहन, हरदियाल सिंह, भूपिंद्र बीनेवाल, विकास भारद्वाज, अजय चौधरी, विनय कुमार, विक्रम कुमार, सतवीर सिंह शौकर, हरीश नंगड़ा, मनदीप टिंकू, महेश शर्मा, सुरेंद्र सिंह चाहल, शिशु कौशल, कुलदीप सिंह संधू व ओमप्रकाश सहित अन्य युवा मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts