
सांगला (किन्नौर)। यहां बटसेरी के साथ लगते सिगन पुल के पास पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने चार लोगों को नागछतरी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नागछतरी को कब्जे में लेकर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। डीएसपी किन्नौर केके वर्धन ने बताया कि आरोपी शनिवार देर रात बटसेरी से सांगला की ओर पैदल नागछतरी लेकर जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात को सिगन पुल के पास नाका लगा रखा था। इसी दौरान बटसेरी के सिगन पुल के पास चार नेपाली पैदल सांगला की ओर आ रहे थे। पुलिस को देखकर नेपालियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने चारों नेपालियों को पकड़ कर छानबीन की तो उनके पास एक बोरी में 30 किलो नागछतरी बरामद की गई। पुलिस ने नागछतरी को कब्जे में लेकर आरोपी दीपक बहादुर (30), कृष्ण बहादुर (34), मिन बहादुर (30), जुशन क्षेत्रिया (30) को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस थाना सांगला से एसएचओ राजीव मेहता, एचसी रविंद्र कुमार, आरक्षी अनिल कुमार, राकेश कुमार, वन विभाग के गार्ड राजकुमार नेगी, बुद्धि सिंह नेगी, कृष्ण दत्त, राजकुमार नेगी और कृष्ण मौजूद थे। डीएसपी किन्नौर केके वर्धन ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि नागछतरी कहां से लेकर आ रहे थे और इसे कहां सप्लाई किया जा रहा है? उन्होंने साफ कि या कि दोषी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे।
