आनी के सौ से अधिक ट्रक दिल्ली में फंसे

आनी (कुल्लू)। एक ओर राज्य सरकार बागवानों को सेब सीजन में किसी प्रकार की परेशानियां न आने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर बागवानों को सेब मंडियों तक पहुंचाने के लिए गाड़ियां तक नहीं मिल रही हैं। आनी यूनियन के सौ से अधिक ट्रक अभी दिल्ली में ही फंसे हैं। वहीं, दूसरे राज्यों के ट्रक टैक्स वसूली के कारण राज्य में नहीं पहुंच रहे हैं। जबकि, पहले सेब सीजन के दौरान तीन माह तक बाहरी राज्यों के ट्रकों से टैक्स नहीं वसूला जाता था। ट्रक न मिलने से बागवानों को अपने सेब मंडियों तक पहुंचाने का संकट खड़ा हो गया है। ट्रक यूनियन आनी के अध्यक्ष सुनील बिष्ट का कहना है कि आनी यूनियन के करीब सौ से अधिक ट्रक दिल्ली में फंसे हुए हैं। एक ओर तो कुंडली बॉर्डर से समय पर एंट्री नहीं मिल पा रही है। वहीं, मंडियाें में भी समय पर सेब ट्रक अनलोड नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते एक ट्रक को दिल्ली में चार से पांच दिन खड़ा रहना पड़ रहा है। इससे अब क्षेत्र में सेब दिल्ली भेजने के लिए ट्रकों का टोटा पड़ गया है। क्षेत्र के बागवानों में ज्ञान शर्मा, संदीप कुमार, हेम राज तथा दुनी चंद ने सरकार से मांग की है कि बागवानों की इस समस्या को जल्द दूर किया जाए।

Related posts