
कोकसर (लाहौल-स्पीति)। मौसम के अचानक बदले तेवरों के बाद लाहौल स्पीति घाटी में वीरवार को फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। घाटी के भीतरी 78 मार्गों पर वाहनों की आवाजाही हिमपात के चलते बंद हो गई है।
तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार शाम से घाटी के अनेक भागों में गहरे बादल आसमान पर छाने शुरू हो गए थे। वीरवार सुबह हलका हिमपात शुरू हो गया। बचाव चौकी कोकसर के प्रभारी लूदर सिंह ने बताया कि लाहौल के तमाम भागों में सुबह से ही बर्फबारी का दौर जारी है। उन्होंने बताया कि रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बंद हो गया है तथा घाटी में भी करीब 78 मार्गों पर वाहनों के पहिये जाम रहे।
रोहतांग दर्रा, कुंजम दर्रा पर 30 सेंटीमीटर, कोकसर में 15 सेंटीमीटर, सिस्सू में 5 इंच, खांगसर में 18 सेंटीमीटर, गोंधला, जाहलमा में 20 सेंटीमीटर, उदयपुर में 15 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात हुआ है। तीन दिन पहले ही बीआरओ ने रोहतांग दर्रा छोटे वाहनों के लिए खोला था तथा मनाली और केलांग की ओर रुख करने वाले सैकड़ों यात्रियों को राहत मिली थी। लेकिन अभी भी लोग अपने काम से घर से बाहर निकले हुए हैं। कुछ दिनों बाद लौटने वाले थे। अचानक मौसम बदलने तथा दर्रे पर बर्फबारी से उन्हें हवाई सेवा का इंतजार करना पडे़गा।
