गोदामों में अनाज की हो रही बर्बादी से लोग परेशान

मालेरकोटला (जहूर): केन्द्र सरकार की लाखों कोशिशों के बावजूद सरकारी गोदामों में अनाज की बेकद्री होने का मामला रुकने का नाम नहीं ले रहा। इसी प्रकार का ही एक ताजा मामला शहर के फूड सप्लाई विभाग के गोदामों में देखने को मिल रहा है। अनाज की बदबू से क्षेत्रवासियों ने परेशान होकर फूड सप्लाई कार्यालय में पहुंच कर अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई।

क्षेत्र के लोगों ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए निसार बानो, अब्दुल राशीद, मो. जमील, लियाकत अली, अब्दुल सत्तार, अख्तर अली, मो. रिशाद, मो. शरीफ, मो. गुलाम गामा ने बताया कि हम करीब 2 माह से परेशान हैं। इस संबंधी में हम कई बार अधिकारियों को परिचित करवा चुके हैं परन्तु कोई कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि शहर के सरकारी गोदामों में पड़े अनाज की संभाल न होने से अनाज सड़ रहा है व इसमें से बदबू भी आ रही है जिससे लोगों में भयानक बीमारी फैलने का खौफ भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी इस गंभीर मामले पर चुप्पी धारण किए बैठे हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की कि सरकारी गोदामों में पड़े सोने जैसे अनाज को खराब होने से बचाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं व अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जब इस संबंधी फूड सप्लाई विभाग के इंस्पैक्टर गौतम कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि बदबू से छुटकारा दिलाने के लिए दवाइयों का छिड़काव किया जाएगा व इस मामले में नगर कौंसिल की भी मदद ली जाएगी।

Related posts