
भरमौर (चंबा)। भरमौर उपमंडल वीरवार रात से 12 घंटे तक अंधेरे में डूबा रहा। बिजली गुल होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी विवाह शादी वाले परिवारों को हुई । जानकारी के मुताबिक तहसील मुख्यालय भरमौर में वीरवार रात करीब दस बजे बिजली गुल हो गई, जो शुक्रवार सुबह दस बजे तक बंद रही। बिजली गुल होने के कारण क्षेत्र में चल रही दर्जनों शादियों की रौनक फीकी पड़ गई है। इसके अलावा क्रिकेट प्रेमी श्रीलंका और भारत के बीच हुए ट्राई सीरीज का फाइनल मुकाबला देखने से वंचित रह गए। स्थानीय निवासी रमेश, सुनील, कंचन, केवल, कृष्ण, भगत राम, मदन, संजय, प्रहलाद, सोरमा, किशन और हेम राज ने बताया कि इस वर्ष शुरू से ही क्षेत्र में बिजली की समस्या चल रही है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ होने के बावजूद क्षेत्र के लोगों को दस घंटे अंधेरे में रहना पड़ा। भरमौर क्षेत्र में इतने विद्युत प्रोजेक्ट होने के बावजूद लोगों को सुचारु रूप से बिजली नहीं मिल रही है। वीरवार को दर्जनों घरों में शादियां थी, लेकिन बिजली न होने के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी। इस संबंध में विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता रमेश कुमार ने बताया कि गरोला-चंबा लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण विद्युत आपूर्ति ठप रही। उन्होंने कहा कि बोर्ड के कर्मचारियों ने सुबह दस बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है।
