सलूणी के डिपुओं से चीनी गायब

सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी में सस्ते राशन के डिपुओं में डेढ़ माह से उपभोक्ताओं को चीनी का कोटा नहीं मिल रहा है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डिपुओं में चीनी न मिलने के कारण राशनकार्ड धारकों को दुकानों से महंगे दामों पर चीनी खरीदनी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार डेढ़ माह से सूलणी में राशन के डिपुओं चीनी की सप्लाई नही पहुंची है। इस बारे में जब राशन कार्ड धारक डिपो होल्डर से चीनी की सप्लाई के बारे में पूछ रहे हैं तो डिपो होल्डरों का कहना है कि चीनी की सप्लाई पीछे से ही नहीं पहुंची है। उपभोक्ताओं में कर्म सिंह, किशन चंद, हरी कृष्ण, अमर सिंह, सुरेश कुमार, तुला राम, हेम राज, निधिया राम, चुम्हारू राम और महेश कुमार ने खाद्य आपूर्ति विभाग से मांग की है कि डिपुओं में चीनी की सप्लाई जल्द से भेजी जाए। इससे उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों से निजात मिलेगी। इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि पीछे से सप्लाई नहीं आने के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अब उपभोक्ताआें को दो माह का चीनी का कोटा एक साथ मिल जाएगा।

Related posts