आनी में ग्रामीण रूटों बस सेवा ठप

आनी (कुल्लू)। बुधवार सुबह हुई भारी बरसात के चलते जहां लूहरी-औट मुख्य मार्ग माशनुनाला और हरिपुर के पास ल्हासे गिरने से बंद हो गया, वहीं क्षेत्र की कई ग्रामीण सड़काें की हालत खराब हो गई है। इसके चलते कई ग्रामीण रूटों पर बुधवार को एचआरटीसी की बस सेवाएं भी ठप रहीं।
कोटनाला और हरिपुर के पास सड़क पर ल्हासा गिरने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही। जबकि, ग्रामीण रूट जाओं से शगार, नाभीधार, पुन्ननखड्ड आदि सड़कों पर वाहन नहीं चल पाए। अड्डा प्रभारी आनी टीसी वर्मा का कहना है कि आनी से शगार रूट पर एचआरटीसी की बस जाती है। लेकिन, खस्ताहाल सड़क की वजह बस को यहां भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि जाओं से आगे इस सड़क की हालत इतनी खराब है कि हर रोज बस को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कें बंद होने के कारण नाभीधार से रामपुर, आनी से शगार और नित्थर बस रूट प्रभावित हुए हैं।
उधर, इसके बारे में लोक निर्माण विभाग आनी के एसडीओ किशोरी लाल सुमन ने बताया कि बुधवार सुबह हुई भारी बरसात के कारण माशनुनाला और हरिपुर के पास उच्च मार्ग पर ल्हासा गिरने से गाड़ियों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही। दोपहर बाद सड़क बहाल कर दी गई है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में जो भी सड़के बंद हैं उन्हें देर शाम तक बहाल कर दिया जाएगा।

Related posts