
बागेश्वर। पांच सूत्रीय मांग को लेकर दोफाड़ में चल रहा आमरण अनशन प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद रविवार को समाप्त हो गया। एडीएम, एसडीएम और कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण के प्रतिनिधि ने अनशन पर बैठे दीपक उप्रेती और दलीपगिरी को जूस पिलाकर अनशन अनशन तुड़वाया। आंदोलनकारियों ने बताया कि उन्होंने राज्य में आई आपदा और दो मांगे माने जाने पर आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है।
रविवार सुबह एडीएम उदय राणा, एसडीएम फींचा राम और विधायक ललित फर्स्वाण के प्रतिनिधि वीरेंद्र नगरकोटी दोफाड़ स्टेशन पर चल रहे आंदोलन स्थल पर पहुंचे। यहां उनकी आंदोलनकारियों से लंबी वार्ता हुई। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार आंदोलनकारियों का कोपभाजन बनना पड़ा। अंतत: दो मांगे माने जाने पर आंदोलन समाप्त हो गया है। पुंगरघाटी संघर्ष समिति के अध्यक्ष दीपक उप्रेती ने बताया कि प्रशासन ने उन्हें दो महीने के भीतर बैंक की स्थापना करने और दुग नाकुरी तहसील बनलेख अथवा दोफाड़ में बनाए जाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा विधायक प्रतिनिधि ने तहसील का शासनादेश और अन्य मांगों की वस्तुस्थिति से अवगत कराने के लिए शीघ्र विधायक को क्षेत्र में शीघ्र लाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि इस समय राज्य में भयंकर आपदा आई है। इसे देखते हुए उन्होंने आंदोलन को समाप्त करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर रमेश कालाकोटी, कांडा कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष दीपक कांडपाल, नारायण सिंह रौतेला, दीवान गिरी, बहादुर राम, सुंदर सिंह, आन सिंह, हयात सिंह, नेत्र सिंह, मेहरमान सिंह, धन गिरी आदि मौजूद थे।
