
नालागढ़ (सोलन)। नगर परिषद नालागढ़ में स्वीकृत 49 पदों में से 10 पद आज रिक्त चले हुए हैं। इससे यहां कामकाज प्रभावित हो रहा है। नप में कार्यकारी अधिकारी का पद करीब डेढ़ सालों से रिक्त चल रहा है। ईओ के अलावा वरिष्ठ सहायक एक, सांख्यिकी सहायक एक, कनिष्ठ सहायक एक, सेनेटरी इंस्पेक्टर एक, चालक एक, चपड़ासी दो, सेनेटरी कर्मचारी का एक पद रिक्त है। हाल ही में सेनेटरी इंस्पेक्टर भी सेवानिवृत्त हो गए हैं। परिषद के इन पदों के खाली होने से विकास कार्यों पर इसका असर पड़ना स्वाभाविक है।
मौजूदा समय में ईओ बददी के पास ही नगर परिषद नालागढ़ का कार्यभार भी है। इसके चलते ईओ को एक दिन बददी तो एक दिन नालागढ़ में बैठना पड़ता है, जिसके चलते दोनों ही परिषदों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि दोनों ही जगहों पर ईओ कर्मचारियों के साथ तालमेल बिठाकर परिषद के कार्यों को सुचारु रूप से चलाने की व्यवस्थाएं बनाए हुए हैं, लेकिन यदि नप नालागढ़ को स्थायी ईओ मिलता है तो उन पर कामकाज का बोझ कम हो जाएगा। दोनों ही परिषदों में वार्डों की संख्या 9-9 है।
—
रिक्त पदों की भेजी जाती है सूचना
नप नालागढ़ के ईओ का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे सुधीर शर्मा ने कहा कि विभाग के उच्चाधिकारियों को समय समय पर रिक्त पदों का ब्यौरा भेजा जाता है। पदों को भरना शहरी विकास विभाग तथा सरकार के हाथ में है।
