कपड़े धोने की फट्टी से धुने माता और पिता

बद्दी/ नालागढ़/ रामशहर (सोलन)। चमदार पंचायत के चंगर कुमारा गांव के एक 45 वर्षीय इकलौते बेटे ने बुजुर्ग माता-पिता की कपड़े धोने की फट्टी से धुनाई कर दी। पिता के सिर तथा बाजू और मां के मुंह पर गंभीर चोटें आई है। अधिक खून बहने से बेहोशी की हालत में इन दोनों को नालागढ़ चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। चंगर गांव का रामकिशन (65) शनिवार को दोपहर हरिद्वार से अपने घर पहुंचा। शाम के समय उसके 45 वर्षीय बेटे से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि बेटे ने कपड़े धोने की फट्टी से बाप के सिर तथा बाजू पर वारकर जख्मी कर दिया। पिता ने बचाव के लिए शोर मचाया तो मां ने बीच-बचाव किया। इस पर बेटे ने मां पर भी प्रहार कर दिया। किसी तरह दोनो गंभीर हालत में पंचायत प्रधान के घर पहुंचे। प्रधान के घर पहुंचने के बाद दोनों बेहोश हो गए। पंचायत प्रधान सीता देवी ने करीब साढ़े 9 बजे रामशहर पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी शिव कुमार के नेतृत्व में पुलिस का दल मौके पर पहुंचा तथा घायलों को नालागढ़ चिकित्सालय पहुंचाया गया। बुजुर्ग रामकिशन तथा उसकी पत्नी बयान देने के लायक नहीं थे। एसपी अरुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने श्याम लाल के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घायल राम किशन तथा उसकी पत्नी को नालागढ़ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

Related posts