नादौन में दो घंटे बिजली रही गुल

नादौन (हमीरपुर)। शहर के कई वार्डों में शुक्रवार रात करीब दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। विद्युत आपूर्ति गुल रहने से लोगों ने बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया। आए दिन कट लगने से लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों चमन लाल, राम कृष्ण, कुलदीप कुमार, तनुज कुमार, रमेश कुमार, राकेश कुमार, अतुल कुमार, राजीव कुमार, रीना देवी, सुनीता देवी आदि का कहना है कि शुक्रवार को रात लगभग दस बजे के करीब विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इससे अधिकतर लोगों को रात के अंधेरे में खाना खाने को मजबूर होना पड़ा। लोगों ने विद्युत कर्मचारियों को सूचना दी लेकिन करीब दो घंटे बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु हुई। विद्युत कर्मचारियों की मानें तो पत्तन बाजार में स्थित ट्रासफार्मर में आई तकनीकी खराबी के चलते विद्युत आपूर्ति ठप हुई थी। आरोप लगाया कि शहर में आए दिन विद्युत कट लग रहे हैं। लोग गर्मी से जूझने को मजबूर हैं। बत्ती कब गुल हो जाए। किसी को कोई सूचना नहीं होती है। ऐसे में क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। लोगों ने बोर्ड से मांग की कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को सुचारु किया जाए।
उधर, विद्युत बोर्ड के एसडीओ विकैलाश चंद अत्री का कहना है कि तकनीकी खराबी के चलते विद्युत आपूर्ति ठप हुई थी जिसे उपभोक्ताओं की सूचना मिलते ही ठीक करवा दिया गया है।

Related posts