ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग के खिलाफ खोला मोर्चा

नाहन (सिरमौर)। कौलांवाला भूड़ निवासी इन दिनों भीषण पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। क्षेत्र की लगभग 4000 की आबादी पीने के पानी को जूझ रही है। लोगों ने सीधे तौर पर इसके लिए क्षेत्र में कार्यरत विभाग के दो कर्मचारियों तथा विभाग के अधिकारियों को दोषी माना है। मंगलवार को समस्त ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उपायुक्त सिरमौर प्रियतु मंडल से की।
ग्रामीणों ने उपायुक्त कक्ष में पहुंच कर अपनी शिकायत में कहा कि क्षेत्र के अधिकतर पंप बेलदारों के हवाले हैं। उनकी उठाऊ पेयजल योजना में मात्र एक पीओ है। पिछले 3 महीनों से दूसरा पीओ नहीं लगाया गया। क्षेत्र के कुछ पंप आपरेटर अपनी मनमानी से काम ले रहे हैं। लोगों की समस्या से इन कर्मचारियों को कोई लेना देना नहीं ऐसा प्रतीत होता है। इस समस्या को सुलझाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों ने एक समस्या निवारण बैठक बुलाई गई थी। मगर विभाग के मात्र चंद बेलदार ही पंचायत की इस बैठक में आ सके।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से शिकायत करते हुए कहा कि क्षेत्र में कार्यरत पीओ तथा उसके अधीन आने वाले बेलदार को तत्काल प्रभाव से दूसरे पंप हाउस पर बदला जाए। ग्रामीणों को पीने के पानी की सही ढंग से सेवा उपलब्ध हो सके।
उधर उपायुक्त सिरमौर प्रियतु मंडल ने ग्रामवासियों को आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस मामले की छानबीन कर उचित कार्रवाई करेंगे।

Related posts