पंप आपरेटरों की भर्ती में हंगामा

ऊना। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही पंप आपरेटरों की भर्ती प्रक्रिया के दौरान मंगलवार को उपमंडल कार्यालय में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब विभाग की ओर से पत्र भेज कर साक्षात्कार के लिए बुलाए युवाआें को बैरंग भेज दिया गया। इन युवाओं ने अप्रैल माह में तकनीकी शिक्षा बोर्ड की ओर से ली गई लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की हुई है। अब साक्षात्कार के समय उन्हें वापस भेजने के विभागीय फरमानों से उनका गुस्सा भड़क उठा है और उन्होंने मामले को प्रदेश सरकार के समक्ष ले जाने की बात कही है।
मंगलवार को आईपीएच के उपमंडल कार्यालय में साक्षात्कार कार्यक्रम में भाग लेने आए युवाओं में रामेश्वर शर्मा, सुरेंद्र कुमार, चेतन, राकेश कुमार, गुलशन, प्रिंस चौधरी, मनोज, अजय, राज कुमार ने बताया कि उन्होंने 7 अप्रैल 2013 को तकनीकी शिक्षा बोर्ड की ओर से पंप आपरेटरों की भर्ती के लिए ली गई परीक्षा उत्तीर्ण की है। जबकि, उन्हें आईपीएच की ओर से इंटरव्यू के लिए कॉल लेटर भी जारी किए गए थे, लेकिन मंगलवार को उन्हें बिना इंटरव्यू लिए यह कह कर वापस कर दिया गया कि उक्त युवा इन पदों के योग्य ही नहीं है। यदि वह इन पदों के योग्य ही नहीं थे तो उनसे लिखित परीक्षा क्यों ली गई और उन्हें साक्षात्कारों के लिए क्याें बुलाया गया।

क्या कहते हैं अधिकारी
नियमों के तहत प्रशिक्षित होना जरूरी : अधिकारी
विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा ने बताया कि उक्त युवाओं का आईटीआई प्रशिक्षण आईपीएच के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत नहीं आता है। लिहाजा उन्हें चयन प्रक्रिया से बाहर किया गया है। साक्षात्कार के लिए भेजे गए पत्रों में भी साफ लिखा है कि लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर लेने से योग्यता साबित नहीं होती है, इसके लिए विभाग के आरएंडपी नियमों के तहत प्रशिक्षित होना आवश्यक है।

Related posts