
चंबा। मुख्य चुनाव अधिकरी नरेंद्र चौहान ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से लोस क्षेत्र मंडी के तहत आने वाले उपायुक्तों के साथ उपचुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने उपायुक्तों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में नियमों का पालन सख्ती से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपचुनाव हेतु उड़नदस्तों व स्थाई निगरानी समितियों का गठन किया जाए। मतदाता को प्रभावित करने के लिए नकदी, शराब या अन्य चीजों का उपयोग न हो इसके लिए उड़नदस्ते व स्थाई निगरानी टीमें कार्य करेंगी। उपचुनाव में आने वाले क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को 50 हजार से अधिक नकदी को ले जाने के लिए उस धन के स्रोत व उसके अंतिम प्रयोग को दर्शाने वाले दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य होंगे। प्रत्याशियों को चुनावी प्रक्रिया में उनके व्यय संबंधि लेखे-जोखे का पूर्ण विवरण व्यय पर्यवेक्षक को प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने सभी उपायुक्तों से उनके जिलों में आ रही किसी भी प्रकार की कठिनाई से उन्हें अवगत करवाने तथा चुनाव प्रक्रिया में तीव्रता लाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिन अधिकारियों के स्थानांतरण उप चुनाव की घोषणा के पूर्व हुए हैं। उन्होंने अभी तक अपने नए स्थानों पर ज्वाइन नहीं किया है। वे अपने नए स्थानों में ज्वाइन कर सकेंगे। जिन जिलों में अधिकारियों की कमी है वहां पर अन्य अधिकारियों से अस्थाई ड्यूटी ली जा सकती है। आदर्श आचार संहिता की अवहेलना की सूचना 24 घ्ंाटे के भीतर उन तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा मतदाताओं को वोट डालने के लिए जागरूक किया जाए। इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कदम ने बताया कि भरमौर के 105 तथा पांगी के 32 बूथों पर मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए वोट डाले जाएंगे। इस अवसर पर एएसपी कुलवंत ठाकुर, पीओ डीआरडीए राम प्रसाद, तहसीलदार निर्वाचन चंबा हरवांस लाल धीमान और तहसीलदार मनोज शर्मा उपस्थित रहे।
