सलूणी स्कूल में तीन दिन से नहीं आ रहा पानी

सलूणी (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलूणी में तीन दिन से पानी नहीं आ रहा है। पानी की सप्लाई ठप होने के कारण नल सूखे पड़े हुए हैं। इस कारण स्कूल के छात्र-छात्राओं को पानी के लिए यहां वहां भटकना पड़ रहा है। यही नहीं, मिड डे मील बनाने के लिए बाजार से पानी ढोना पड़ रहा है। इस कारण बच्चों को समय पर मिड डे मील नहीं मिल पा रहा है। स्कूल के प्रधानाचार्य पीएल ठाकुर ने बताया कि पानी न आने के कारण काफी परेशानी हो रही है। स्कूल में पानी न आने के कारण एक तो समय पर मिड डे मील तैयार नहीं हो पा रहा है। साथ ही स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस बारे सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को अवगत करवा दिया गया है, लेकिन अभी तक पानी की सप्लाई सुचारु नहीं हो पाई है। इस संदर्भ में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुधीर शर्मा ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में आ गई है। उन्होंने कहा कि जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Related posts