पांवटा में पारा 43 डिग्री से पार

पांवटा साहिब (सिरमौर)। इन दिनों पांवटा के मैदानी क्षेत्र में आसमान आग उगलने लगा है। रविवार को तापमान साढ़े 43 डिग्री सेल्सियस से पार पहुंच गया। सुबह साढ़े नौ बजे से ही उमस और गर्म लू चलना शुरू हो गई। गुरु नगरी पहुंचे श्रद्धालु और यात्री गर्मी से बेहाल दिखे।
दून पांवटा क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से गर्मी निरंतर बढ़ रही है। रविवार सुबह से ही आसमान जैसे आग उगलता रहा। घर और दफ्तरों में पंखे के नीचे बैठने पर भी राहत नहीं मिल रही। कूलर और पंखे गर्म हवा देने लगे हैं। अधिकतम तापमान बढ़कर साढ़े 43 डिग्री पहुंच गया।
बाजार में तरबूज, स्ट्राबैरी, कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम, नींबू पानी, विभिन्न फलों व गन्ने के रस से क्षणिक राहत मिल रही है। दिन में कई बार नहाने के बावजूद पांच मिनट में शरीर फिर पसीने से तर बतर हो रहा है। शीघ्र मौसम के मिजाज ने करवट नही ली तो जीना मुहाल होता जाएगा।
गिरिपार निवासी राजेंद्र शर्मा, सुरेश चौहान, पूनम, बिशन सिंह, नीलम तोमर, मामराज शर्मा, दिनेश पुंडीर, कांता चौहान, कल्याण सिंह, नीलम, माया राम व अवतार सिंह ने बताया कि पहाड़ों में भी इस बार गर्मी का प्रकोप बढ़ा है। जिन स्थलों पर 28 से 32 के बीच तापमान रहता था। वहां पर 38 से ऊपर तापमान पहुंच रहा है। इससे पहाड़ों में भी कूलर व पंखों की खूब मांग बढ़ती जा रही है। सुकून पाने को मैदानों से कई परिवार राहत पाने को ठंडे पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचते थे लेकिन इस बार पहाड़ों में भी आसमान खूब आग उगल रहा है।
धौलाकुआं पर्वतीय अनुसंधान केंद्र सह निदेशक डा. धनवीर सिंह ने बताया कि रविवार को धौलाकुआं व पांवटा क्षेत्र में अधिकतम तामपान क्रमश: 41 से 43.6 डिग्री सेल्सियस तक रिकार्ड किया।

Related posts