काहन पेट्रोल पंप पर नहीं मिल रहा तेल

सराहां (सिरमौर)। सराहां के समीप काहन स्थित पेट्रोल पंप पर पिछले दो दिन से डीजल और पेट्रोल नहीं मिल रहा है। ऐसे में क्षेत्र की 30 पंचायतों के लोगों को भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। नाहन और कुमारहटट्ी के बीच करीब 80 किलोमीटर के एरिया में यह एकमात्र इकलौता पेट्रोल पंप है। इससे प्रतिदिन सैकड़ों वाहन तेल भरवाते हैं, लेकिन पेट्रोल, डीजल न मिलने के कारण इस पर ताला लटक गया है। लोगों को नाहन और कुमारहट्टी से पेट्रोल, डीजल मंगवाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि यह पेट्रोल पंप पिछले 8 वर्षों से सुर्खियों में रहा है। इसके ऊपर छत न होने के कारण कभी पेट्रोल, डीजल पंप के टैंकों में पानी चला जाता था तो कभी जेनरेटर की सुविधा न होने के कारण कई बार लोगों को बिना तेल के ही वापस लौटना पड़ा है। ट्रांसपोर्टर और चालक रमन पुंडीर, विनोद कुमार, संजय ठाकुर, सुधीर ठाकुर, कौशल चौहान, रमेश कुमार, अनिल शर्मा, राम सिंह और सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप के बनने से जहां पच्छाद क्षेत्र की 30 पंचायतों के लोग लाभान्वित हुए थे, वहीं शिमला से नाहन, पांवटा व देहरादून जाने वाले वाहन भी लाभान्वित हो रहे थे। पेट्रोल पंप बंद पड़ने से लोगों को दोबारा परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने चेताया कि यदि एक सप्ताह के भीतर पेट्रोल पंप को चालू नहीं किया गया तो लोग चक्का जाम करेंगे। उधर, प्रदेश हिमफेड के निदेशक राकेश शर्मा ने बताया कि इस बारे में शीघ्र बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें निर्णय लिया जाएगा कि पेट्रोल पंप को हिमफेड चलाएगा या निजी ठेकेदारों को दे दिया जाएगा।

Related posts