रेणुका भाजपा बैठक में कांग्रेसियों को लताड़ा

ददाहू (सिरमौर)। वर्तमान कांग्रेस सरकार बदले की भावनाओं से काम करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं व उनके रिश्तेदारों को प्रताड़ित करने के काम में जुटी हुई है। भाजपा शासनकाल की सभी योजनाओं व कार्यों को ठप कर दिया गया है। कांग्रेस के नेता व उनके कार्यकर्ता अपनी ओच्छी राजनीति पर उतर आए हैं। यह बात रेणुका भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने रविवार को ददाहू में आयोजित मंडल कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता करते कही।
उन्होंने साफ किया कि सिंचाई विभाग जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। 72 लाख की लागत से बनने वाली ऊंगर कांडो-भघार पेयजल योजना पर विभाग ने 69.37 लाख रुपए की राशि का खर्च दिखा दिया है। योजना का निर्माण कार्य रती भर भी शुरू नहीं हुआ है। विभाग द्वारा यह राशि कहां खर्च की गई कांग्रेस सरकार व विभाग को इसका जवाब देना पड़ेगा। सुनील शर्मा ने कहा कि आगामी 15 जुलाई को बूथ अध्यक्षों का एक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें संगठन को मजबूती प्रदान करने पर जोर दिया जाएगा। भाजपा ने आगामी लोक सभा चुनाव की तैयारियों को जोर शोर से शुरू कर दिया है। क्षेत्र के सभी 22 शक्ति केंद्राें पर सांसद वीरेंद्र कश्यप अपना विशेष दौरा करेंगे। इसमें भाजपा सरकार के पूर्व कार्यकाल की उपलब्धियों व योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में पूर्व विधायक हृदया राम, जिला भाजपा महासचिव रामेश्वर शर्मा, दिनेश चौधरी, प्रेम दत्त शर्मा, सोम प्रकाश, अरुण गर्ग, कुलदीप सिंह, रमेश अत्री, चंद्रकला, कल्पना शर्मा, निर्मला भारद्वाज, रामकली व हरीश गर्ग सहित मंडल के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts