
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल की तनोह पंचायत के गांव कैहलवीं में न जाने कब पानी की परेशानी से लोगों को निजात मिलेगी। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले दस दिन से कैहलवीं में पानी की सप्लाई ठप पड़ी हैै। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को उनकी इस समस्या का बखूबी पता है, लेकिन आज तक कोई पुख्ता हल नहीं निकाला गया, जिससे कैहलवीं की जनता को गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से निजात मिल सके। मई में ही यह हाल है तो जून में इस गांव का क्या होगा? गांववासियों में पुनीत कुमार, राकेश कुमार, प्रकाश चंद, पवन देव, दीपक कुमार, पिरथी चंद ने बताया कि हर साल गर्मियों में उन्हें पेयजल संकट से जूझना पड़ता है। यह सिलसिला पिछले कई साल से चला आ रहा है। लेकिन, विभागीय अधिकारियों ने उनकी इस समस्या को कभी संजीदगी से नहीं लिया है। सारा-सारा दिन कुओं से पानी भरने में चला जाता है तो बाकी काम कब करेंगे। लोगों ने विभाग से घराें के नजदीक हैंडपंप लगाने की गुजारिश की है। यदि जल्द समस्या का समाधान न निकाला गया तो उन्हें मजबूरन खाली घड़े लेकर प्रदर्शन करने को विवश होना पड़ेगा। आईपीएच विभाग के बंगाणा स्थित एसडीओ गणेश दत्त शर्मा ने बताया कि पानी के टैंकों की साफ सफाई तथा पाइपों की मरम्मत के चलते पानी की सप्लाई बाधित थी, लेकिन वीरवार से तूतडू-कोहडरा पेयजल योजना को सुचारु रूप से चला दिया गया है। क्षेत्र की जनता को अब पीने की पानी की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
