
दौलतपुर चौक (ऊना)। बीएसएनएल की लचर संचार सेवाओं के चलते हजारों उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि गगरेट क्षेत्र में पिछले कई दिन से मोबाइल सिग्नल की आंख मिचौनी चल रही है। वहीं, ब्राडबैंड सेवा भी पूरी तरह से ठप पड़ी है। जिससे लोगों को रिश्तेदारों से बात करने में मुश्किलें पेश आ रही हैं। कई उपभोक्ताओं को मजबूरन अन्य संचार सेवाओं का प्रयोग करने को मजबूर होना पड़ रहा है। बीएसएनएल की लचर संचार सेवाओं पर उपभोक्ताओं ने गहरा रोष जताया है। गगरेट विस क्षेत्र में सबसे ज्यादा पिरथीपुर, भद्रकाली, डंगोह, अभयपुर, सलोह बैरी, नंगल जरियाला, गणुमदवाड़ा, रायपुर इत्यादि में बीएसएनएल का नेटवर्क काफी कमजोर है। वहीं, क्षेत्र के सलोह बैरी गांव में लोगों को रोमिंग पड़ जाती है। लोगों को मजबूरन पंजाब राज्य के सिम कार्ड लेने पड़ रहे हैं। सलोह बैरी के सुरेंद्र पठानिया, सुरजीत सिंह, बलवीर सिंह, रमेश कु मार, मुकेश ने बताया कि बीएसएनएल क ा कमजोर नेटवर्क उनके लिए मुसीबत का कारण बना हुआ है। जिसके चलते उनके दिनचर्या के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इंटरनेट कैफे के मालिक देवेन शर्मा की मानें तो दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम की अंक सारिणी निकालने आए बच्चों को निराशा का सामना करना पड़ा। उधर, बीएसएनएल के एसडीओ बलवीर सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। उपभोक्ताओं को बेहतर संचार सेवाएं मुहैया करवाने के लिए बीएसएनएल प्रयासरत है।
