
गगरेट (ऊना)। भयंकर गर्मी से गगरेट क्षेत्र के बाजारों में दिन के समय कर्फ्यू जैसी स्थिति बनी हुई है। प्रतिदिन तापमान में बढ़ोतरी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। वहीं, इस गर्मी के सीजन में ग्राहकों की कमी से व्यापारी वर्ग भी हताश है। क्षेत्र के व्यापारियों प्रिंस, कपिल देव, राकेश कुमार, संजय शर्मा, संदीप जसवाल, अरविंद, रोहित, मनोज कुमार के अनुसार गर्मी के चलते बाजार से रौनक गायब हो गई है। ग्राहकों ने दोपहर के समय बाजार का रुख करना बंद कर दिया है। क्षेत्र के लोगों प्रदीप ठाकुर, हंसराज, संजीव पराशर, राजेश ठाकुर, जसवंत राणा, रघुवंत ठाकुर के अनुसार इस तपती धूप में यदि आवश्यक हो तभी वह घर से बाहर निकलते हैं। अन्यथा सुबह शाम को वह रोजमर्रा की आवश्यकता का सामान लेने ही बाजार का रुख करते हैं। बहरहाल एकाएक पारे में आए उछाल से सभी की दिक्कतें बढ़ गई हैं। उधर, गगरेट के बीएमओ प्रकाश दरोच के अनुसार धूप में पूरा शरीर कपड़े से ढक कर ही बाहर जाएं। अन्यथा सीधी पड़ने वाली सूर्य की तेज किरणों से चमड़ी रोग होने की संभावना भी बढ़ जाती है।
